
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए प्रस्तावित 60 मीटर सड़क पर रविवार रात मिट्टी डालने पहुंचे ठेकेदारों को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। किसानों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया और सड़क पर डाली गई मिट्टी भी हटवा दी। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।

किसानों की गैरमौजूदगी में रात को शुरू हुआ काम
किसानों के अनुसार, गांव में एक जवान युवक की मौत होने के कारण धरने पर बैठे अधिकांश किसान शोक जताने गए थे। इसी दौरान प्राधिकरण के ठेकेदारों ने रविवार रात अंधेरे में प्रस्तावित सड़क पर मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर निर्माण कार्य शुरू किया गया।
मौके पर पहुंचे किसानों ने हटवाई मिट्टी
सड़क पर मिट्टी डाले जाने की जानकारी मिलने के बाद किसान मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। उन्होंने ठेकेदारों को काम रोकने के लिए कहा और सड़क पर डाली गई मिट्टी हटवा दी। किसानों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों का समाधान किए बिना सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
88 दिनों से धरने पर बैठे हैं किसान
किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में दयानतपुर गांव के पास पिछले 88 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। किसानों की प्रमुख मांगों में सात प्रतिशत आवासीय भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और आबादी के बराबर आबादी का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा, 60 मीटर सर्विस रोड में आबादी के बदले आबादी देने की मांग भी किसान कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।


